आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से करीब 3.120 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है, और नकदी बरामद की है।
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार देर रात  सिधारी थाने के उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने बेलइसा पुल के नीचे से दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 3.120 किलोग्राम अवैध गांजा और 750 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान जगनन्दन पुत्र रामनरेश निवासी मोहब्बतपुर थाना मुबारकपुर तथा शिवपाल सिंह पुत्र मकरन्दा सिंह निवासी मोहब्बतपुर थाना मुबारकपुर के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर सिधारी थाने में मुकदमा दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।