आज़मगढ़ जिले के लालगंज क्षेत्र के खारंग उर्फ चकिया में करोड़ों रुपये की सरकारी बंजर भूमि पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने हटवा दिया। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) के आदेश पर तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से कब्जा हटवाने की कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार लालगंज तहसील क्षेत्र के खारंग उर्फ चकिया में पंचम चौहान नामक व्यक्ति द्वारा सरकारी बंजर भूमि पर मड़ई डालकर चाय की दुकान चलाते हुए कई वर्षों से कब्जा किया गया था। प्रशासन की ओर से कब्जा हटाने के लिए नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन इसके बावजूद अवैध कब्जा नहीं हटाया गया।
क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर मामला अपर जिला अधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के न्यायालय में पहुंचा, जहां सुनवाई पूरी होने के बाद सरकारी भूमि से कब्जा हटाने का आदेश जारी किया गया।
एडीएम के आदेश के अनुपालन में शुक्रवार को तहसीलदार लालगंज उमेश सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। टीम में राजस्व निरीक्षक हरिद्वार सिंह, लेखपाल दीपक उपाध्याय, सुनील उपाध्याय, महेश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध मड़ई और दुकान को हटवाकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान सफाई नायक चंद्रमणि यादव और पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
