आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा में फर्जी कंपनी खोलकर 45 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से रुपये जमा कराए गए और बाद में कंपनी बंद कर आरोपी परिवार सहित फरार हो गया। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव निवासी नगीना मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि गंभीरपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर निवासी मनोज कुमार सिंह दवा का कारोबार करता था। इसी दौरान उसकी पहचान नगीना मौर्य से हो गई और दोनों के बीच रुपये का लेनदेन होने लगा।
आरोप है कि मनोज कुमार सिंह ने झांसा दिया कि वह दवा के कारोबार के साथ एआईसी ग्लोबन हेल्थ केयर और एयरजोन इंटरनेशन नाम से कंपनी चलाता है, जिसमें निवेश करने पर लोगों को अच्छा लाभ मिलता है। उसके कहने पर पीड़ित ने एयरजोन इंटरनेशन कंपनी में पैसा निवेश करना शुरू कर दिया।
बताया गया कि मनोज सिंह की पत्नी ममता सिंह, बेटा आदर्श सिंह, आशू सिंह, आयुष सिंह और साला बृजेश कुमार सिंह भी कंपनी में लोगों से रुपये जमा करवाते थे और साप्ताहिक कलेक्शन किया करते थे। पीड़ित का आरोप है कि उसने करीब तीन साल में नकद और बैंक खाते के माध्यम से कई किस्तों में करीब 45 लाख रुपये निवेश किए। इसके अलावा क्षेत्र के कई अन्य लोगों से भी कंपनी में रुपये लगवाए गए।
कुछ समय बाद मनोज कुमार सिंह ने अचानक कंपनी बंद कर दी और पत्नी, बच्चों व साले के साथ फरार हो गया। जब किसी तरह लोगों ने उससे संपर्क किया तो वह धमकी देने लगा और फर्जी मुकदमे में फंसाने की बात कहने लगा।
पीड़ित नगीना मौर्य की तहरीर पर निजामाबाद थाना पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार सिंह, उसकी पत्नी ममता सिंह, पुत्र आदर्श सिंह, आशू सिंह, आयुष सिंह निवासी जमालपुर थाना गंभीरपुर और साले बृजेश कुमार सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष हिरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।