रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में टेंपो में सवार एक बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र निकाल लेने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने शक के आधार पर चार महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान बाजार में काफी देर तक हंगामे और नोकझोंक की स्थिति बनी रही।

अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल से फुलवरिया जा रही एक बुजुर्ग महिला का टेंपो में गले से मंगलसूत्र निकालने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने शक के आधार पर चार महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस बीच आमजनता और महिलाओं के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई।
खानपुरचंदू गांव निवासी 65 वर्षीय सुभावती देवी ने बताया कि वह माहुल नगर पंचायत से टेंपो में बैठकर फुलवरिया आ रही थीं। इसी टेंपो में चार अन्य महिलाएं भी सवार हो गईं। करीब तीन किलोमीटर चलने के बाद वे राजाराम नगर के पास टेंपो से उतर गईं। कुछ देर बाद बुजुर्ग महिला को पता चला कि उनके गले से मंगलसूत्र गायब है, जिससे उन्हें उन्हीं महिलाओं पर शक हुआ।
फुलवरिया बाजार में टेंपो से उतरने के करीब पांच मिनट बाद वही चारों महिलाएं दूसरे टेंपो से वहां पहुंचीं। उन्हें देखते ही बुजुर्ग महिला ने शोर मचा दिया। मौके पर जुटे ग्रामीणों और बाजारवासियों ने चारों महिलाओं को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक महिला के हैंडबैग से टूटा हुआ मंगलसूत्र बरामद हुआ। सूचना पर डायल 112 को फोन कर पुलिस को बुलाया गया। काफी देर बाद पहुंची पुलिस ने चारों महिलाओं को हिरासत में लिया और बरामद मंगलसूत्र को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस आरोपित महिलाओं से पूछताछ कर रही है


डायल 112 की लापरवाही पर उठे सवा

घटना के दौरान डायल 112 पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंचने के बाद भी पुलिसकर्मी काफी देर तक गाड़ी में बैठे रहे। इस दौरान भीड़ में कुछ लोगों ने महिलाओं से हाथापाई भी की और कई लोग वीडियो बनाने लगे। बाद में थाना पुलिस पहुंचने पर स्थिति नियंत्रित हुई।


क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और यह गंभीर प्रकरण है। सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की घटना और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक स्वीकार्य नहीं है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।