आजमगढ़ के देंवगांव कोतवाली क्षेत्र के भीरा चौराहे के समीप एक अनियंत्रित कार ने दो सगी बहनों को रौंद दिया। हादसे में छोटी बहन की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार देवगांव कोतवाली क्षेत्र के भीरा चौराहे पर आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे पार करते समय साइकिल सवार दो सगी बहनों को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सोफीपुर गांव निवासी संध्या (16) और खुशी (13) गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें रविवार दोपहर करीब 12 बजे लालगंज बाजार दवा लेने जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान खुशी की मौत हो गई, जबकि संध्या का इलाज पीजीआई आजमगढ़ में जारी है।
हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।