आजमगढ़ । जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में सड़क जाम और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की के मामले में पुलिस ने 19 नामजद समेत 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर कस्बे के नूरपुर बुतात निवासी शिवा पटवा पुत्र राजू पटवा की शनिवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण सठियांव-जीयनपुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगाकर प्रदर्शन करने लगे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन भीड़ आक्रोशित हो गई और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने लगी, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।


सीओ सदर आस्था जायसवाल के आश्वासन पर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया।
इस मामले में उपनिरीक्षक कमला सिंह यादव की तहरीर पर पुलिस ने बिक्की पटवा, रोहित, सागर, हीरा पटवा, अंजू पटवा, आदित्य, विशाल पटवा, बिक्की पुत्र बबलू, आकाश, मोनू पटवा, रीना, सरोज, सनी पटवा, विक्की पटवा की मौसी, राजू पटवा, कैलाश, अजू, रानी सोनकर, किसमती समेत 19 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।