आज़मगढ़। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तरवां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर जानलेवा हमला, अवैध शस्त्रों के प्रयोग और चोरी जैसे गंभीर आरोप हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था।

थाना तरवां पुलिस को उस समय अहम सफलता मिली जब मुखबिर की सूचना पर गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त दीपक यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे उसके घर ग्राम शेखुपुर, थाना मेहनगर, जनपद आजमगढ़ से मंगलवार को दबोचा।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त और उसके गिरोह के सदस्यों ने पूर्व में उचहुवा बाजार में जानलेवा हमला किया था, जिसमें लाठी-डंडों के साथ अवैध शस्त्रों का भी प्रयोग किया गया। इसके अलावा गिरोह के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-फरोख्त और अवैध हथियार रखने जैसे संगठित अपराधों में भी लिप्त थे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था।
इन आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए गिरोह के खिलाफ गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी से अनुमोदन लिया गया, जिसके आधार पर थाना तरवां में  गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, जानलेवा हमला और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।