आजमगढ़ । जिले के रौनापार थाना क्षेत्र में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, रौनापार थाना क्षेत्र के सिकन्धोपुर गांव निवासी शिवम यादव पुत्र रामकेश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 मार्च की रात करीब 10 बजे डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद जब वह घर जा रहे थे, तभी गांव के ही कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसे से मारपीट की।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता रामकेश यादव पर भी आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से सिर पर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
इस मामले में रौनापार थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीनों वांछित अभियुक्तों प्रदीप यादव (22 वर्ष), दीपक यादव (23 वर्ष) और आशीष यादव (19 वर्ष), सभी निवासी सिकन्धोपुर को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
