आजमगढ़। जिले में ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो वर्ष से अधिक समय से लापता चल रही किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
थाना दीदारगंज क्षेत्र के मार्टिनगंज निवासी वादी ने दिनांक 23 अक्टूबर 2023 को अपनी 16 वर्षीय पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि विद्यालय के अध्यापक ज्ञानचन्द्र यादव उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गए, जिसमें प्रधानाचार्या सुमन और उनके पति प्रबंधक त्रिभुवन की भी संलिप्तता बताई गई थी।
इस मामले में थाना दीदारगंज पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई, लेकिन काफी समय तक किशोरी का पता नहीं चल सका। बाद में 8 अप्रैल 2025 को विवेचना थाना एएचटी को स्थानांतरित कर दी गई।
जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध की लोकेशन दिल्ली और लखनऊ के रामजानकी नगर में मिली। इसके बाद मंगलवार को सर्विलांस के जरिए आरोपी के मोबाइल की लोकेशन रोडवेज बस स्टेशन, आजमगढ़ पर ट्रेस हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को आरोपी ज्ञानचन्द्र यादव के साथ सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बताया गया कि आरोपी ज्ञानचन्द्र यादव को इलाहाबाद उच्च न्यायालय से पहले ही गिरफ्तारी पर स्थगन आदेश मिला हुआ है।
