आज़मगढ़। जिले के सिधारी क्षेत्र के नरौली पश्चिमी वार्ड नंबर 12 में आराजी नंबर 226 मीटर भूमि को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। नगर पालिका की बताई जा रही इस जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर सभासद ने पुलिस से हस्तक्षेप की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिधारी क्षेत्र के सभासद अतुल सिंह ने थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि नरौली पश्चिमी वार्ड नंबर 12 स्थित आराजी नंबर 226 मीटर भूमि नगर पालिका परिषद की बहुमूल्य अचल संपत्ति है। आरोप है कि इस भूमि पर लंबे समय से फर्जी तरीके से कब्जा और खरीद-फरोख्त का खेल चल रहा है। वर्ष 2001 में उप जिलाधिकारी के आदेश के आधार पर कुछ लोगों ने अपना नाम राजस्व अभिलेख में दर्ज करा लिया था।
बताया गया कि नगर पालिका परिषद द्वारा दायर तजबीजानी को स्वीकार करते हुए उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर ने 2 दिसंबर 2023 को पूर्व आदेश को निरस्त कर दिया था। खास बात यह है कि इस आदेश को अब तक किसी भी उच्च न्यायालय में चुनौती नहीं दी गई है और न ही इस पर कोई स्थगन आदेश जारी हुआ है।
इसके बावजूद आरोप है कि कई लोगों ने जमीन पर पहले से कब्जा कर रखा है। वहीं हाल ही में एक व्यक्ति द्वारा फर्जी बैनामा कराकर विकास प्राधिकरण से नक्शा पास करा लिया गया और निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 13 मार्च 2026 को थाना और उप जिलाधिकारी को लिखित सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे अवैध निर्माण लगातार जारी है। सभासद ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य रुकवाने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
