आज़मगढ़ । जिले में सनातन आस्था का महापर्व नवरात्रि आज से श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो गया है। जिले के सभी प्रमुख देवी मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जहां नौ दिनों तक भक्ति का माहौल देखने को मिलेगा।

नवरात्रि पर्व को लेकर जिले के सभी प्रमुख देवी मंदिरों में व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंदिरों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक सजावट के साथ श्रद्धालुओं के स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई है। इस बार जिले के कुल 94 देवी मंदिरों में भारी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है, जबकि 36 स्थानों पर पारंपरिक मेलों का आयोजन भी होगा। इन मेलों में पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।


सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो जाएंगी और पूरे नौ दिनों तक भक्ति का माहौल बना रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले को तीन सुपर जोन, छह जोन और 25 सेक्टर में विभाजित कर निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि डायल-112 पुलिस लगातार भ्रमण करती रहेगी। प्रत्येक जोन में पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है, जो हालात पर नजर बनाए रखेंगे।


चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी पुलिस


प्रमुख मंदिरों और मेला स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांति और व्यवस्था बनाए रखें तथा दिशा-निर्देशों का पालन करें। भीड़ नियंत्रण के लिए मेला क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी लागू की गई है। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरे जिले में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि
नवरात्रि के अवसर पर पूरे जिले में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। पुलिसबल के साथ पीएसी को भी लगा दिया गया है। इसके लिए खुफिया विभाग सक्रिय है, पुलिस मित्र को भी अलर्ट कर दिया गया है। देवी मंदिरों पर कड़ी सुरक्षा की गई है। माहौल बिगाड़ने वालों से पुलिस सख्ती से पेश आएगी।