आजमगढ़ । जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में गोवध के प्रयास का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो गौतस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में परयुक्त उपकरण भी बरामद किए।

आजमगढ़ के थाना बिलरियागंज क्षेत्र के ग्राम इमलीपुर में बीते मंगलवार को चौकीदार जयप्रकाश यादव द्वारा सूचना दी गई कि एक खेत में प्रतिबंधित पशु के अवशेष पड़े हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने  मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सलमान, तबरेज, सरफराज और मेराज का नाम प्रकाश में आया। साक्ष्य मिलने पर मामले में धारा 4/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोत्तरी की गई।
इसके बाद बीती रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर नेयाज के भट्ठे के पास घेराबंदी कर दो वांछित अभियुक्त सरफराज और मेराज को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने प्रतिबंधित पशु को काटकर मांस बेचने की बात स्वीकार की। अभियुक्त मेराज की निशानदेही पर पुलिस ने एक चाकू, एक चापड़ और लकड़ी का ठीहा बरामद किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मेराज के खिलाफ पहले भी गोवध निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच जारी है।