आजमगढ़।  शहर के ब्रह्मस्थान स्थित एक अस्पताल में आईसीयू के बाहर भीड़ हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक युवक ने अस्पताल स्टाफ के साथ मारपीट करते हुए पिस्टल निकालकर धमकी दी, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को ब्रह्मस्थान स्थित एक अस्पताल में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब आईसीयू में तैनात कर्मचारी सूरज मौर्य ने एक मरीज के पास मौजूद कई लोगों को बाहर जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर वहां मौजूद एक युवक भड़क गया और बहस करने लगा।
बताया जा रहा है कि आईसीयू से बाहर निकलते ही युवक ने सूरज मौर्य के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने इस दौरान पिस्टल निकालकर धमकाया, जिससे अस्पताल में मौजूद स्टाफ और अन्य लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई, जिन्होंने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया। सूचना मिलने पर ब्रह्मस्थान चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि अस्पताल में मारपीट का वीडियो सामने आया है। पुलिस ने मामले का संज्ञान ले लिया है और जांच के आधार पर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी