रिपोर्ट____अरुण यादव

कुलपति के निर्देश पर ताबड़तोड़ छापेमारी, तीन महाविद्यालयों की रिपोर्ट पर कार्रवाई के आदेश।

आजमगढ़। जिले में महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय (एमएसडीएसयू) की सम सेमेस्टर परीक्षाओं के बीच नकल के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देश पर गठित उड़ाका दल ने विभिन्न महाविद्यालयों में औचक निरीक्षण कर नकल के मामलों का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में तीन छात्राओं को रेस्टीकेट किया गया है, जबकि कई कॉलेजों में सामूहिक नकल की पुष्टि हुई है। उड़ाका दल की नोडल टीम, जिसमें डॉ. पंकज सिंह, डॉ. शफीउज्जमा और डॉ. सुरेंद्र पाण्डेय शामिल रहे, ने श्री रामदवर पाण्डेय महाविद्यालय, लारादपुर (ओरिल) में द्वितीय पाली की बीए चतुर्थ सेमेस्टर हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में एक ही कक्ष में बैठी तीन छात्राओं को ‘श्योर सीरीज’ के माध्यम से नकल करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। टीम ने मौके से संबंधित सामग्री जब्त कर सीलबंद करते हुए विश्वविद्यालय को रिपोर्ट सौंप दी। इसके अलावा, कक्ष के बाहर से भी उसी विषय और प्रश्नपत्र से संबंधित चार ‘श्योर सीरीज’ बरामद की गईं, जिन्हें भी सील कर विश्वविद्यालय को सुपुर्द किया गया। तृतीय पाली में उड़ाका दल ने मां बबुना महाविद्यालय, बरदह में भी निरीक्षण के दौरान सामूहिक नकल पकड़ी और इसकी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजी। वहीं, मंगलवार को बीएससी प्रथम वर्ष द्वितीय सेमेस्टर की बॉटनी परीक्षा के दौरान फूला देवी मंगरू सिंह महाविद्यालय में भी सामूहिक नकल की शिकायत दर्ज कराई गई। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि कुलपति ने परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की बात कही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दोषी महाविद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। कुलपति ने यह भी दोहराया कि शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन परीक्षा कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।