रिपोर्ट___अरुण यादव

आजमगढ़ जिले के तहबरपुर क्षेत्र अंतर्गत अल्लीपुर बाजार स्थित माँ कमला जी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। यह कार्रवाई अस्पताल के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों और निरीक्षण में पाई गई गंभीर अनियमितताओं के आधार पर की गई। वहीं प्रशासनिक जांच के दौरान पाया गया कि अस्पताल द्वारा शासन के कई अनिवार्य मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि यहां प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त चिकित्सकों की जगह अपात्र व्यक्तियों द्वारा मरीजों का इलाज किया जा रहा था, जो सीधे तौर पर लोगों की जान से खिलवाड़ है।जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के आदेश और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. आलेन्द्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में शिकायतें सही पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील कर दिया गया। इसके साथ ही अस्पताल संचालक को निर्देश दिया गया है कि वह तीन दिनों के भीतर सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। यदि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, तो आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस पूरे मामले मुख्य चिकित्साधिकारी ने साफ कहा है कि जनपद में अवैध और मानक विहीन अस्पतालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।