
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के चकडेड़वानी गांव में एक दिव्यांग व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित तेज प्रताप मिश्रा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दंपती समेत आठ नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित का आरोप है कि तीन मई को गांव के ही विजय सरोज अपनी पत्नी मीना देवी, मनीष सरोज, गुंजन, अमर सरोज, सूरज सरोज, रुपेश सरोज और निरहू सरोज अन्य अज्ञात लोगों के साथ उनके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए तेज प्रताप मिश्रा और उनके पुत्र दुर्गेश मिश्रा के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और घर में लगे सीमेंट शेड को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित के अनुसार, सभी आरोपी एक चार पहिया वाहन से पहुंचे थे। थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आठ नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो में कुछ लोग घर में घुसकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।
