
रिपोर्ट___SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के अचलीपुर गांव में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने बाहरी युवकों के साथ मिलकर एक गरीब परिवार के घर में घुसकर जमकर मारपीट की। इस हमले में एक युवक का सिर फट गया, जबकि उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। वहीं एक युवती के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित परिवार के मुताबिक अचलीपुर गांव निवासी खुद्दन राजभर उर्फ बाल गोविंद राजभर के पुत्र सोहबत राजभर ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे गांव के ही अंकुर पांडेय, अंकुश पांडेय पुत्र मुन्ना पांडेय, दीक्षा पांडेय पुत्री मुन्ना पांडेय, मनोजा पांडेय पत्नी मुन्ना पांडेय समेत अन्य लोग 8 से 10 बाहरी व्यक्तियों के साथ उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया। वहीं परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर शिवानी, निशा और शिवा को बेरहमी से पीटा। मारपीट में शिवानी का हाथ कट गया और पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि शिवा का सिर फट गया तथा हाथ टूट गया। निशा के पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने गंभीर धाराओं की बजाय मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार धमकी दे रहे हैं। इधर घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा मुकदमे में गंभीर धाराएं बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जाएगी।
