
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निकट सेहदा पुल के पास देर रात को तेज रफ्तार दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उसमें सवार आठ लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार बलेनो कार से अरविंद यादव पुत्र ललक यादव, संध्या यादव पत्नी अरविंद यादव, पप्पू यादव, पूजा यादव, शुभम यादव समेत अन्य लोग कंधरापुर की ओर से आजमगढ़ की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही टाटा इंडिगो कार में सवार वेद प्रकाश राय निवासी बीबीपुर थाना तहबरपुर, मिथिलेश यादव और आनंद उपाध्याय कंधरापुर बाजार की तरफ जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों वाहन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंडरपास के निकट पहुंचे, अचानक आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मिथिलेश यादव और आनंद उपाध्याय के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें लगी हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण यातायात बाधित हो गया था, जिसे बाद में हाइड्रा मशीन की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त कारों को सड़क किनारे हटवाकर बहाल कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन आने की आशंका जताई जा रही है। वहीं इस हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति भी बनी रही।
