रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कड़े रुख से जिले के लापरवाह अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। भुवना बुजुर्ग गांव में जन चौपाल के बाद जब डीएम खुद गांव का मुआयना करने निकले, तो वहां बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई। मौके पर एल.टी. लाइन का तार जमीन पर टूटा देख डीएम ने तत्काल संज्ञान लिया और दोषी जेई को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया।

मौत को दावत दे रहा था टूटा तार

डीएम रविंद्र कुमार जब गांव का भ्रमण कर रहे थे, तो उन्होंने पाया कि बिजली का हाई वोल्टेज तार टूटकर जमीन पर गिरा है। यह किसी बड़ी दुर्घटना को दावत दे रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी शिकायत अवर अभियंता (JE) से की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे ठीक कराना जरूरी नहीं समझा।

अवैध वसूली और उत्पीड़न की खुली पोल

भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने डीएम के सामने शिकायतों का अंबार लगा दिया। लोगों का आरोप है कि 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र-अमुआरी नरायनपुर पर तैनात जेई ब्रजेश कुमार ईमानदार उपभोक्ताओं को चेकिंग के नाम पर परेशान करते थे, जबकि कटिया कनेक्शन चलाने वालों से साठगांठ कर अवैध वसूली की जा रही थी।

तत्काल प्रभाव से निलंबन

डीएम की कड़ी नाराजगी के बाद अधीक्षण अभियंता (विद्युत) घनश्याम ने कार्रवाई की फाइल दौड़ाई। मुख्य अभियंता के अनुमोदन के बाद जेई ब्रजेश कुमार को कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और कदाचार का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

अधिकारी का बयान

“जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जेई को निलंबित कर दिया गया है और विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।”