रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर गहने और नगदी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। फूलपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से चोरी के आभूषण और नगदी भी बरामद की गई है। वहीं पुलिस के अनुसार, जनपद के थाना फूलपुर, गम्भीरपुर और कोतवाली क्षेत्र में लगातार ऑटो में यात्रा करने वाली महिलाओं के बैग, पर्स और गहने चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं के संबंध में विभिन्न थानों पर मुकदमे दर्ज किए गए थे।बताया गया कि 10 मई 2026 को थाना फूलपुर क्षेत्र में एक महिला ऑटो से अम्बारी से अपने गांव पलिया जा रही थी। इसी दौरान ऑटो में पहले से बैठी तीन महिलाओं ने उसका पर्स चोरी कर लिया, जिसमें नगदी और आभूषण रखे थे। इस मामले में थाना फूलपुर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को बिहार निवासी चरन देवी और सोनम के साथ एक बाल अपचारी के शामिल होने की जानकारी मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक फूलपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए मकसुदिया शिव मंदिर के पास से दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान चरन देवी पत्नी अनीश निवासी गोला थाना गोला जनपद रोहतास बिहार तथा सोनम पत्नी रुदल निवासी शांति नगर बस स्टैंड थाना टाउन जनपद बक्सर बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है।

पूछताछ में अभियुक्ताओं ने स्वीकार किया कि वे ऑटो में बैठकर महिलाओं के गहने और नगदी चोरी करती थीं। पुलिस ने उनके पास से सोने-चांदी के आभूषण, बिछिया, पायल, झुमका, नाक की कील और करीब 2900 रुपये नगद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों के खिलाफ थाना फूलपुर, गम्भीरपुर और कोतवाली में चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार महिलाओं को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि बाल अपचारी के संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक शिवशरण सिंह, हेड कांस्टेबल बृजेश यादव, कांस्टेबल दयाशंकर यादव, कांस्टेबल अमरजीत निषाद, महिला कांस्टेबल कृष्णा शुक्ला और आरक्षी शक्ति मिश्रा शामिल