
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन से जुड़ी मतदाता सूची में फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने बीएलओ, सुपरवाइजर और अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर कर मतदाता सूची में अवैध नाम जोड़ने और हटाने के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का खुलासा उस समय हुआ जब तहसील सगड़ी में तैनात राजस्व निरीक्षक ने विकास खंड अजमतगढ़ से जमा की गई पंचायत चुनाव की पाण्डुलिपियों की जांच की। जांच के दौरान कई पाण्डुलिपियों पर फर्जी हस्ताक्षर पाए गए। आरोप है कि अभियुक्तों ने मिलीभगत कर मतदाता सूची में अवैध परिवर्धन और विलोपन कर निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया, जिससे शासकीय कार्य में भी क्षति पहुंची।
इस संबंध में थाना जीयनपुर पर मुकदमा संख्या 0220/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम ने शनिवार को बागखालिस नहर पुलिया के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अक्षय कुमार निवासी छत्तरपुर दलेल थाना जीयनपुर, संतोष कुमार भाष्कर निवासी जमुआ हरिराम थाना मुबारकपुर तथा नदीम अहमद निवासी खालिसपुर थाना जीयनपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है और मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की जांच भी जारी है। वहीं इस कार्रवाई को पंचायत चुनाव की निष्पक्षता बनाए रखने की दिशा में जीयनपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
