आजमगढ़। जिले में पंचायत निर्वाचन मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा और कूटरचित हस्ताक्षर के जरिए मतदाता सूची में हेरफेर करने के मामले में थाना जीयनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ग्राम प्रधान फर्जी पाण्डुलिपि तैयार कर मतदाता सूची में अवैध बदलाव कराने के मामले में वांछित चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत विकास खंड अजमतगढ़ की मतदाता पाण्डुलिपियों की जांच के दौरान ग्राम अंजान शहीद के वार्ड संख्या 10 से 15 से संबंधित फर्जी पाण्डुलिपि सामने आई थी। जांच में पाया गया कि मतदाता परिवर्धन और विलोपन से जुड़े अभिलेखों पर बीएलओ, सुपरवाइजर तथा अन्य अधिकारियों के कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे।

मामले में तहसील सगड़ी में कार्यरत राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर थाना जीयनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोप सामने आया कि विकास खंड अजमतगढ़ में कार्यरत कर्मचारी संतोष भाष्कर ने ग्राम प्रधान मोहम्मद अजीम, उसके सहयोगी नदीम और अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित रूप से फर्जी पाण्डुलिपि तैयार कर सही सूची में शामिल कराई, जिससे मतदाता सूची में हेरफेर किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार सुबह जीयनपुर पुलिस ने वांछित आरोपी मोहम्मद अजीम पुत्र मोहम्मद नुमान खान निवासी ग्राम अंजान शहीद को पकवाइनार मोड़ स्थित नंदू की चाय दुकान के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी सुबह करीब 6:50 बजे की गई।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए गलती की माफी मांगी। फिलहाल आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले में थाना जीयनपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, धमकी और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।