
रिपोर्ट____आशीष कुमार निषाद
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर खीरीडीहा गांव के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में मोटरसाइकिल चालक, उसकी पत्नी और 10 वर्षीय मासूम बेटे की मौत हो गई। मृतक परिवार अपने साढू के घर गोरखपुर से वापस अपने गांव लौट रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बनकट जगदीश कोइरीपुर निवासी संतोष विश्वकर्मा (38 वर्ष), अपनी पत्नी गुड़िया विश्वकर्मा (36 वर्ष) और पुत्र रियांश विश्वकर्मा (10 वर्ष) के साथ यामाहा मोटरसाइकिल से गोरखपुर अपनी रिश्तेदारी में गए थे। सोमवार को वहां से वापस लौटते समय अतरौलिया के गदनपुर इंटरचेंज पर वे रास्ता भूल गए और नीचे उतरने के बजाय एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ गए। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल गोरखपुर एक्सप्रेसवे के पॉइंट नंबर 68.9 (खीरीडीहा गांव के पास) पर पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप (रजिस्टर नंबर PB12AK 7396) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक संतोष विश्वकर्मा हवा में उछलते हुए एक्सप्रेसवे के नीचे बनी सर्विस रोड के किनारे जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा (UPEIDA) गश्ती दल के सुरक्षा अधिकारी चंद्रभान सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत घायलों को अतरौलिया स्थित 100 शैया चिकित्सालय पहुंचाया।
इलाज के दौरान पत्नी गुड़िया विश्वकर्मा ने अतरौलिया अस्पताल में दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय पुत्र रियांश को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में पूरे परिवार का अंत हो गया।:
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और पिकअप को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से मृतक के गांव बनकट जगदीश कोइरीपुर में कोहराम मच गया है।
