
रिपोर्ट____शिवा सिंह
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के असवानियां स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर बाउंड्रीवाल फांदकर विद्यालय परिसर में घुसे और कई कमरों के ताले तोड़कर स्मार्ट टीवी, कंप्यूटर, सोलर पैनल सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह विद्यालय खुलने पर हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने उच्च प्राथमिक विद्यालय के विज्ञान कक्ष, अतिरिक्त कक्ष समेत तीन कमरों के ताले तोड़े। वहां से दो स्मार्ट टीवी, एक इनवर्टर, दो बैटरी, स्टेबलाइजर, वाई-फाई राउटर, रिमोट, एक गैस सिलेंडर और दो कुर्सियां चोरी कर लीं। इसके बाद चोरों ने बगल में स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को भी निशाना बनाया और कमरे का ताला तोड़कर कंप्यूटर, डेस्कटॉप, माउस, प्रिंटर मशीन तथा सोलर पैनल उठा ले गए। वहीं जब सोमवार सुबह विद्यालय पहुंचे अध्यापकों ने गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया तो कमरों के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर दंग रह गए। घटना की सूचना तत्काल बरदह थाना पुलिस और डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक गौरीशंकर तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की सहायक अध्यापिका सुनैना ने चोरी की लिखित तहरीर पुलिस को सौंप दी है। वहीं इस पूरे मामले पर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
