रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में झपटमारी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मुठभेड़ में एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन, लेडीज बैग और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को जमीन रसूलपुर निवासी महजवीन पत्नी शादाव अहमद ने थाना बिलरियागंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बिलरियागंज बाजार से ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। इसी दौरान वधैला के पास पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और उनका पर्स झपटकर फरार हो गए। पर्स में नगदी और मोबाइल फोन रखा था। मामले में थाना बिलरियागंज पर मुकदमा संख्या 133/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में मंगलवार को बिलरियागंज पुलिस टीम नसीरपुर मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि झपटमारी की घटना में शामिल आरोपी काले रंग की पल्सर बाइक से नहर पटरी मार्ग होते हुए आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें फुजैल अहमद पुत्र अलीम निवासी अम्बेडकर नगर कसाई मोहल्ला, थाना बिलरियागंज के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पहले सीएचसी बिलरियागंज और बाद में जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से 01 तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा कारतूस, 01 खोखा कारतूस, झपटमारी के 9800 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन, लेडीज बैग और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी फुजैल अहमद पर पहले से भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में थाना बिलरियागंज पर मुकदमा संख्या 136/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 9/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, रतन सिंह पटेल, गिरिजेश यादव समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।