
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम से शुरू हुई करीब ढाई महीने पुरानी दोस्ती उस समय चर्चा में आ गई, जब दोस्ती प्यार में बदलने के बाद शादी की बात सामने आई। आरोप है कि शादी की बात पर युवक ने इनकार कर दिया। इसके बाद युवती के परिजन मामले को लेकर अहरौला थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर घंटों काउंसलिंग और पंचायत कराई। बातचीत के बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद बाबा पालदास मंदिर में दोनों का विधि-विधान से विवाह कराया गया।
जानकारी के अनुसार, अहरौला थाना क्षेत्र के कोठवा जलालपुर गांव निवासी गरिमा (23) की करीब ढाई महीने पहले अरूषा गांव निवासी सूरज (25) से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। जब इसकी जानकारी गरिमा के परिजनों को हुई तो उन्होंने अहरौला थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
थाने में घंटों चली काउंसलिंग और पंचायत
शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में काफी देर तक काउंसलिंग और पंचायत चली। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी के लिए हामी भर दी। इसके बाद अहरौला ब्लॉक के पास स्थित बाबा पालदास मंदिर में दोनों का विवाह कराया गया।
गरिमा और उसके पिता के मुताबिक, थाने में हुए समझौते के अनुसार फिलहाल गरिमा अपने पति के साथ ससुराल चली गई है। दोनों की कोर्ट मैरिज भी कराई जाएगी। वहीं, लड़के पक्ष की ओर से तीन साल के भीतर बारात लेकर सामाजिक रीति-रिवाज के साथ विधिवत विवाह करने का भरोसा दिया गया है। वहीं लड़के के पिता त्रिवेणी ने भी दोनों पक्षों के बीच हुई इस सहमति की पुष्टि की है।
पुलिस की मौजूदगी में हुआ आपसी समझौता
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों की आपसी सहमति से विवाह हुआ है। इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती के प्यार में बदलने और फिर शादी को लेकर थाने पहुंचने के बाद काउंसलिंग एवं पंचायत के जरिए मामला सुलझ गया। इसके बाद मंदिर में दोनों का विवाह कराया गया। यह मामला फिलहाल अहरौला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
