रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बसही गांव में बुधवार को पोखरे में नहाने गए 55 वर्षीय मजदूर की डूबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को पोखरे से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बसही गांव निवासी नरेंद्र राजभर (55) पुत्र शिवधनी राजभर बुधवार करीब 11 बजे अपने पट्टीदार काशी राजभर की पत्नी बंसराजी राजभर के निधन के बाद घाट नहाने गए थे। परिवार और गांव के अन्य लोग इंडिया मार्का हैंडपंप पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान नरेंद्र कुछ दूरी पर स्थित एक पोखरे में नहाने चले गए।

ग्रामीणों के मुताबिक, पोखरा काफी गहरा था। ग्रामीणों ने नरेंद्र को पोखरे में जाने से मना भी किया, लेकिन वह नहीं माने। बताया जा रहा है कि तीन बच्चे भी उनके पीछे-पीछे पोखरे तक पहुंच गए। नरेंद्र पानी में उतरने के बाद कुछ दूर आगे बढ़े तो अचानक गहरे पानी में डूबने लगे।

नरेंद्र को डूबता देखकर बच्चों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तलाशने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुके थे। ग्रामीणों ने काफी देर तक पोखरे में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह और पल्हना चौकी प्रभारी संदीप दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद नरेंद्र का शव पोखरे से बरामद कर लिया गया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है।