
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के फरीदगंज बाजार स्थित कमरावा मोड़ पर मंगलवार की रात दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय ट्रक चालक की मौत हो गई। ट्रक से बालू गिराते समय चालक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
तहबरपुर थाना क्षेत्र के लखमलपुर पट्टी लाला राय (एकमा) गांव निवासी रामानंद यादव का 21 वर्षीय पुत्र अंश कुमार यादव ट्रक चालक था। मंगलवार की रात करीब आठ बजे वह ट्रक से बालू लेकर गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कमरावा मोड़ स्थित गब्बू सोनकर के घर पहुंचा था।
बताया गया कि बालू गिराए जाने के दौरान अंश ट्रक के ऊपर चढ़कर बालू गिरने की स्थिति देखने लगा। इसी दौरान ट्रक के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से अंश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अचानक हुए हादसे से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। अंश कुमार यादव तीन बहनों का इकलौता भाई था। जवान बेटे की असमय मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
हादसे ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद हाईटेंशन तारों के नीचे और आसपास ट्रकों से निर्माण सामग्री उतारने के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने विद्युत तारों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
