रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के गौरा गांव में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घर के पास सड़क किनारे खेल रहा सूर्यांश यादव तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सड़क किनारे खेल रहा था मासूम

गौरा गांव निवासी बृजेश यादव का तीन वर्षीय पुत्र सूर्यांश यादव बुधवार सुबह करीब आठ बजे घर के पास सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। सूर्यांश का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

तीन भाइयों में सबसे छोटा था सूर्यांश

सूर्यांश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में मासूम की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

हादसे से गांव में छाया मातम

दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मासूम की मौत पर गहरा दुख जताया। घटना के बाद पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। तीन वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।