रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि उनके नाबालिग पुत्र के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल होकर बेहोश हो गया। मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के निवासी रिंकू सोनी पुत्र सुक्खू सोनी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका पुत्र आयुष सोनी गुरुवार शाम करीब 6 बजे अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। वहीं आरोप है कि इसी विवाद को लेकर बादशाह करीम पुत्र मंसूर करीम तथा मंसूर पुत्र महबूब ने बच्चे के साथ मारपीट शुरू कर दी। परिजनों का कहना है कि मारपीट में आयुष को पेट और गुप्तांग में गंभीर चोटें आईं तथा वह मौके पर बेहोश हो गया।पीड़ित पिता का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो विपक्षी पक्ष के लोगों ने उन्हें भी धमकी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने कहा कि यदि वह बीच में आए तो उन्हें भी मार दिया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कप्तानगंज थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।