रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दान शनिचरा गांव स्थित प्रसिद्ध शनिदेव शक्तिपीठ पर शनिवार को मंदिर के स्वामित्व और ट्रस्ट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला गरमा गया और मौके पर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद मंदिर के ट्रस्ट और स्वामित्व को लेकर सामने आया है। एक पक्ष के विंध्याचल मिश्रा मंदिर और उससे संबंधित भूमि पर अपना दावा कर रहे हैं तथा मंदिर को निजी संपत्ति बता रहे हैं। वहीं ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर को सार्वजनिक धार्मिक स्थल बताते हुए इसे गांव और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा संस्थान होने का दावा कर रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विरोध के कारण मंदिर परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और किसी भी अप्रिय स्थिति को टाल दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि शनिदेव शक्तिपीठ क्षेत्र का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के स्वामित्व और प्रबंधन को लेकर उठे विवाद ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों के दस्तावेजों और दावों की जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटा हुआ है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।