रिपोर्ट____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में मंदिर से पूजा-अर्चना कर घर लौट रही महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार होने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने घटना के महज तीन दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटी गई चेन को बेचकर प्राप्त 52 हजार रुपये नगद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 7 जून 2026 को ग्राम गद्दोपुर निवासी राघवेन्द्र सिंह ने थाना बिलरियागंज में तहरीर देकर बताया था कि उनकी चाची पुष्पा सिंह महादेव मंदिर कुटिया बड़िहारी से पूजा कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से लगभग 30 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र एवं उपनिरीक्षक अक्षयदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को नसीरपुर नई बस्ती के पास घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से हुई पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने महिला से चेन झपटने की घटना स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि लूटी गई सोने की चेन को एक अज्ञात राहगीर को 74 हजार रुपये में बेच दिया था और प्राप्त रकम आपस में बांट ली थी। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजेश राजभर (45) पुत्र स्वर्गीय तिलकू राजभर तथा सिन्टू राजभर (38) पुत्र दुर्बल्ली राजभर, निवासी बड़िहारी थाना बिलरियागंज जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चेन बिक्री से प्राप्त 52 हजार रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त हीरो होंडा पैशन प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में थाना बिलरियागंज पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 152/2026 में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया गया है।