
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में 13 जून को आयोजित होने वाले CM योगी के कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात पुलिस ने बड़े वाहनों के लिए अस्थायी रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। यातायात पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय मार्ग पर यातायात को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के आवागमन पर विशेष प्रतिबंध लगाया गया है। निर्धारित व्यवस्था के तहत मऊ और शाहगंज की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को छतवारा चौराहा से नरौली चौराहा, जामुरी, चन्देश्वर चौराहा और पकड़ी होते हुए अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। इसी प्रकार शहर की ओर से आने वाले भारी वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे। वहीं गाजीपुर की दिशा से आने वाले बड़े वाहन जामुरी चौराहा से डायवर्ट होकर नरौली चौराहा, पकड़ी और चन्देश्वर चौराहा होते हुए आगे बढ़ेंगे। जामुरी चौराहा से छतवारा चौराहा होते हुए महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय मार्ग पर बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि छोटे वाहन, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। यातायात पुलिस ने जनपद के वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें तथा पुलिसकर्मियों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
