
रिपोर्ट____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। नगर से सटे कोटवां विद्युत उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में रविवार को चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग द्वारा 33 केवी मेन सप्लाई लाइन पर अनुरक्षण कार्य कराए जाने के कारण यह कटौती की जाएगी। वहीं कोटवां सब स्टेशन के अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि सिधारी हाइडिल से आने वाली 33 केवी मेन सप्लाई लाइन पर पेड़ों, डालियों, बांस और अन्य अवरोधों की कटाई-छंटाई का कार्य कराया जाएगा। इसके चलते पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक कोटवां विद्युत उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। आगे उन्होंने बताया कि इस दौरान 11 केवी पल्हनी फीडर, 11 केवी मझगांवा फीडर, 11 केवी सर्किट हाउस, कमिश्नर आवास तथा डीआईजी आवास फीडर से जुड़े क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
विद्युत विभाग के अनुसार उपभोक्ताओं को भविष्य में निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अनुरक्षण कार्य कराया जा रहा है। विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
