रिपोर्ट_____राजू कुमार 

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर की डिलीवरी कर रहे एक कर्मचारी पर दो युवकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जब डिलीवरी मैन ने जबरन सिलेंडर ले जाने का विरोध किया तो युवकों ने ईंट-पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के बसहिया स्थित ग्रामीण महिला भारत गैस एजेंसी का डिलीवरी मैन प्रदीप कुमार विश्वकर्मा निवासी भरसानी शुक्रवार शाम करीब छह बजे जहांगीरगंज रोड स्थित शांतिनगर (मीरपुर) चौराहे पर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरित कर रहा था। इसी दौरान चनैता गांव निवासी आलोक और प्रिंस गैस एजेंसी की गाड़ी पर पीछे से चढ़ गए और कथित रूप से जबरन सिलेंडर उतारने लगे। डिलीवरी मैन प्रदीप ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों युवक सिलेंडर ले जाने की जिद पर अड़ गए। विरोध करने पर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों युवकों ने ईंट-पत्थर से प्रदीप के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। पीड़ित ने बताया कि घटना के समय वह वाहन के अंदर बैठकर गैस पासबुक में प्रविष्टि कर रहा था। तभी पीछे से सिलेंडर उतारने की आवाज सुनकर बाहर निकला तो दोनों युवक उससे उलझ गए और हमला कर दिया। वहीं घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर डायल-112 पुलिस भी पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। गैस एजेंसी संचालक बृजेश कुमार सिंह उर्फ गुन्नू सिंह भी मौके पर पहुंचे और घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। वहीं इस घटना के संबंध में पीड़ित प्रदीप विश्वकर्मा ने अतरौलिया थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।