रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में अवैध मदरसे के नाम पर करोड़ों रुपये के शासकीय अनुदान गबन के प्रयास के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर मदरसा पोर्टल पर फर्जी दस्तावेज अपलोड कर 62.84 लाख रुपये की सरकारी धनराशि प्राप्त करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार राज्य विशेष अपराध अनुसंधान दल (EOW) लखनऊ की जांच में मदरसा शरीफुल उलूम गोसड़ी (शिक्षा क्षेत्र मोहम्मदपुर, आजमगढ़) से जुड़े गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हुआ था। जांच में पाया गया कि मदरसे के प्रबंधक मो. इलियास ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें असली के रूप में प्रस्तुत किया और शासकीय अनुदान की 62 लाख 84 हजार रुपये की धनराशि प्राप्त करने का प्रयास किया।वहीं इस मामले में थाना रानी की सराय में वर्ष 2025 में मुकदमा संख्या 40/2025 के तहत धारा 409, 420, 467, 468 और 471 भादवि के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मो. इलियास का नाम प्रकाश में आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को थाना दीदारगंज और थाना रानी की सराय पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को थाना रानी की सराय गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. इलियास पुत्र मो. हनीफ, निवासी गोसड़ी थाना दीदारगंज (वर्तमान पता खोवा मंडी, सरायमीर) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है तथा जांच के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।