रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आजमगढ़ पहुंचे पूर्व सांसद एवं भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने जिले के विकास को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का सांसद या विधायक न होने के बावजूद डबल इंजन सरकार ने आजमगढ़ के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी है और जिले की हर प्रमुख मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में निरहुआ ने कहा कि वर्षों पुरानी विश्वविद्यालय की मांग को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरा किया। आज उसी विश्वविद्यालय के परिसर में बड़े सरकारी कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, जो जिले के विकास की नई पहचान बन चुका है। आगे उन्होंने कहा कि हरिऔध कला केंद्र के जीर्णोद्धार पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं हरिहरपुर में संगीत विद्यालय का निर्माण कराया गया है और अटल आवासीय विद्यालय भी तेजी से तैयार हो रहा है। निरहुआ ने कहा कि जनता की ओर से उठाई गई हर मांग को सरकार गंभीरता से लेकर उसे धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। पूर्व सांसद ने बताया कि शहर की पुरानी जेल की जमीन पर कन्वेंशन सेंटर, आधुनिक पार्किंग और छोटे व्यापारियों के लिए व्यवस्थित बाजार विकसित करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से इस महत्वपूर्ण परियोजना की घोषणा भी कर दी है। निरहुआ ने कहा कि यह परियोजना आजमगढ़ के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इसके शीघ्र क्रियान्वयन के लिए वह लगातार प्रयास करते रहेंगे। उनके अनुसार, प्रदेश सरकार का लक्ष्य आजमगढ़ को पूर्वांचल के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल करना है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।