रिपोर्ट____शिवा सिंह

आजमगढ़। फर्जी मदरसा संचालित कर सरकारी अनुदान की धनराशि के दुरुपयोग के मामले में बरदह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी मोहम्मद मजीद को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य विशेष अपराध अनुसंधान शाखा (ईओडब्ल्यू) मुख्यालय लखनऊ के निरीक्षक एवं जांच अधिकारी कुँवर ब्रह्म प्रकाश सिंह की तहरीर पर थाना बरदह में 14 फरवरी 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि कोदहरा पोस्ट बरौना स्थित अस्तित्वहीन मदरसा बिस्मिल्लाह मेमोरियल (मदरसा आईडी-0191100571) के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी अनुदान प्राप्त किया गया और शासकीय धनराशि का गबन किया गया। मामले में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, कूटरचना एवं फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। रविवार को बरदह थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमे में नामजद आरोपी मोहम्मद मजीद पुत्र बिस्मिल्ला निवासी ग्राम कोदहरा, थाना बरदह को कोदहरा मोड़ से सुबह करीब 8:55 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश चन्द्र मिश्र, कांस्टेबल ललित सरोज एवं रिजर्व कांस्टेबल योगेश दुबे शामिल रहे। वहीं पुलिस के अनुसार मामले की जांच और अन्य पहलुओं पर भी कार्रवाई जारी है।