
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तरवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय खरिहानी में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का चोरी किया गया शैक्षणिक एवं खेल सामग्री बरामद की गई है। वहीं एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। वहीं पुलिस के अनुसार, पूर्व माध्यमिक विद्यालय खरिहानी के प्रधानाचार्य संजय सिंह ने 25 मई 2026 को थाना तरवां में तहरीर देकर बताया था कि विद्यालय के कार्यालय और प्रयोगशाला का ताला तोड़कर अज्ञात चोर स्मार्ट टीवी पैनल, यूपीएस, की-बोर्ड, वाई-फाई राउटर, माउस, खेल सामग्री, गणित किट, पुस्तकें एवं अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। इस मामले में थाना तरवां पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। दिनांक 15/16 जून की रात उपनिरीक्षक कान्ता प्रसाद पाल पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर आदर्श इंटर कॉलेज खरिहानी के पीछे झाड़ियों के पास दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इन्दल यादव (25 वर्ष) और पवन कुमार (21 वर्ष) निवासी खरिहानी थाना तरवां के रूप में हुई है। वहीं पुलिस के द्वारा पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 65 इंच का BENQ इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल टीवी, यूपीएस, स्पोर्ट्स किट बैग, बैडमिंटन रैकेट, शटल कॉक, क्रिकेट बैट, स्टम्प, की-बोर्ड, वायरलेस माउस, एयरटेल वाई-फाई राउटर, बैडमिंटन नेट, बास्केटबॉल, स्किपिंग रोप तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल तीसरा आरोपी धर्मेन्द्र यादव निवासी खरिहानी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कान्ता प्रसाद पाल एवं थाना तरवां पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।
