
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा शिकायतों के निस्तारण में बरती जा रही लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं समीक्षा के दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में विभिन्न विभागों द्वारा स्पेशल क्लोजर की संख्या अधिक पाए जाने पर डीएम ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी अधिकारी द्वारा शिकायतों के निस्तारण में गलत रिपोर्ट लगाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक से बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता विद्युत पंचम के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, आईजीआरएस शिकायतों के डिफाल्टर होने पर लालगंज पूर्ति निरीक्षक, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी को फटकार लगाते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने धारा-34 के मामलों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर तीन नायब तहसीलदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया कि मई और जून माह की लंबित आईजीआरएस शिकायतों का अभियान चलाकर दो दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि लेखपालों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट का नायब तहसीलदार स्वयं स्थलीय सत्यापन करें। यदि किसी लेखपाल द्वारा गलत रिपोर्ट लगाए जाने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की भ्रामक या गलत आख्या स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रामउदरेज यादव, एसीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
