रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार, चककोट खानकाह गांव निवासी मिथलेश यादव (27) अपने दोस्त सचिन कुमार (25) के साथ संजरपुर बाजार स्थित एक निजी नर्सिंग होम में रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। सचिन बाइक चला रहे थे। रात करीब एक बजे जब दोनों छित्तू पट्टी गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरायमीर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं परिजनों के अनुसार, मिथलेश यादव एसएससी की तैयारी कर रहे थे और अपने परिवार में तीन भाइयों व दो बहनों में सबसे छोटे थे। वहीं सचिन कुमार चार भाइयों में सबसे छोटे थे और वाहन चलाकर परिवार का सहयोग करते थे। दोनों युवकों की अचानक हुई मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं इस पूरे मामले में सरायमीर थाना प्रभारी भुवनेश चौबे ने बताया कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।