रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था, जहां अचानक गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, देवगांव क्षेत्र के खनियारा गांव निवासी विजय कुमार (21) अपने कुछ साथियों के साथ नरसिंहपुर गांव स्थित तालाब में स्नान करने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। युवक के डूबने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही पल्हना चौकी प्रभारी राजेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं इस पूरे मामले में देवगांव कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।