
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। भीरा चौराहे पर सड़क पार करते समय अज्ञात बाइक की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए वाराणसी ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, देवगांव क्षेत्र के परसौली गांव निवासी नरेंद्र सिंह (30) ई-रिक्शा लेकर लालगंज बाजार की ओर जा रहे थे। सोमवार को एनएच-233 स्थित भीरा चौराहे पर सड़क पार करते समय वाराणसी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। वहीं टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि बाइक चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल को सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। देवगांव कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि हादसे के बाद बाइक चालक फरार हो गया है। उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
