रिपोर्ट_____रिंकू चौहान

आजमगढ़। जिले के देवगांव थाना क्षेत्र के कंजहित गांव निवासी एक व्यक्ति ने चकबंदी विवाद को लेकर अपहरण कर जबरन कागजातों पर हस्ताक्षर कराने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। कंजहित निवासी सूबेदार पुत्र स्व. हरदेव ने एसएसपी को दिए गए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया है कि उसके चचेरे भाई मोतीलाल पुत्र हरदेव से चकबंदी अधिकारी सठियांव के न्यायालय में भूमि संबंधी वाद विचाराधीन है। इसी विवाद के चलते दिसंबर 2025 में रामकुमार गौतम पुत्र मुन्नीलाल, प्रदीप पुत्र जीता उर्फ रामजीत, जीता उर्फ रामजीत पुत्र मुन्नीलाल निवासी रामपुर जमीन पाल्हन थाना मेहनाजपुर तथा मोतीलाल ने मिलकर उसका अपहरण कर लिया।

पीड़ित का आरोप है कि उसे जबरन एक अन्य स्थान पर ले जाकर न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी के समक्ष लंबित वाद से संबंधित कुछ दस्तावेजों पर दबाव बनाकर हस्ताक्षर करा लिए गए और बाद में उन कागजातों को न्यायालय में दाखिल कर दिया गया। उसने कहा कि इसके बाद से आरोपी लगातार उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। सूबेदार के अनुसार वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर 7 जून 2026 को अपने गांव कंजहित वापस पहुंचा। वापस आने के बाद भी आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे उसे अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है। प्रार्थना-पत्र में पीड़ित ने बताया कि वह राजनाथ पुत्र निफिकिर और रामअवतार पुत्र राजनाथ के परिवार के साथ रहना चाहता है। क्योंकि उनके साथ वह स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है।पीड़ित ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।