रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़।जनपद आजमगढ़ में संचालित कोचिंग संस्थानों एवं पुस्तकालयों में मंगलवार को अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान मुख्य अग्निशमन अधिकारी एवं प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। वहीं निरीक्षण के दौरान भवनों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, विद्युत वायरिंग, आपातकालीन निकास मार्गों, फायर सेफ्टी सिस्टम तथा अन्य सुरक्षा मानकों की विस्तार से जांच की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी आपात स्थिति में विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षित निकासी के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध हो। वहीं इस अवसर पर संस्थान संचालकों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों को अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय संयम और सतर्कता के साथ कार्य करते हुए सुरक्षित निकासी प्रक्रिया अपनानी चाहिए। साथ ही अग्निशमन उपकरणों के सही एवं समयबद्ध उपयोग का भी प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने विद्युत उपकरणों के सुरक्षित प्रयोग, शॉर्ट सर्किट से बचाव, आपातकालीन निकास मार्गों को अवरोध मुक्त रखने तथा आपातकालीन संपर्क नंबरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना और प्रारंभिक अग्निशमन उपायों के माध्यम से जन-धन की हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।अग्निशमन विभाग द्वारा चलाया गया यह जागरूकता अभियान विद्यार्थियों एवं संस्थान संचालकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।