
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र स्थित सठियांव रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह एक पेड़ से अज्ञात व्यक्ति का शव लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
मुबारकपुर थाना प्रभारी शशि मौली पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया गया। मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की जेब से फरिन्दा से मऊ का एक रेल टिकट बरामद हुआ है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थानों सहित अन्य माध्यमों से भी संपर्क किया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और शव की शिनाख्त के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
