
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मां पल्हना धाम दर्शन करने जा रही एक महिला की डंफर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में महिला का भाई, भतीजी और उसकी एक साल की बच्ची भी मामूली रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने भाग रहे डंपर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक महिला की पहचान तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी निशा प्रजापति (28) के रूप में हुई है। वह अपने भाई सकलदीप प्रजापति (30), भतीजी प्रिया प्रजापति (15) और अपनी एक वर्षीय बेटी सान्वी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार थी। वे सभी मां पल्हना के दर्शन के लिए जा रहे थे। पवनी कला गांव के पास पल्हना बाजार से मेंहनगर की ओर जा रहे एक डंफर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद निशा सड़क पर गिर पड़ी और डंफर से कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि निशा का सिर धड़ से अलग हो गया। थानाध्यक्ष निहारनंदन कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दुर्घटना के बाद निशा का भाई सकलदीप और भतीजी प्रिया उसके शव से लिपटकर रोने लगे। सकलदीप प्रजापति बार-बार बेहोश हो रहा था। निशा अपने तीन भाइयों और दो बहनों में से एक थी। उसकी शादी तीन साल पहले मिर्जापुर जिले में सुनील प्रजापति से हुई थी। वह बीस दिन पहले ही अपनी ससुराल से मायके आई थी। ग्रामीणों ने तुरंत मेंहनगर पुलिस को सूचना दी। यह घटना आज सुबह करीब 7:30 बजे हुई। थाना प्रभारी निहार नंदन कुमार ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डंफर को भी हिरासत में ले लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
