रिपोर्ट___आशीष निषाद

आजमगढ़। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 457वीं रैंक हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित हुईं रोली मद्धेशिया का सोमवार को अतरौलिया में प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। नगरवासियों और परिजनों ने तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका जोरदार अभिनंदन किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।

बहराइच जनपद के मिहिनपुरवा नगर पंचायत निवासी संतोष मद्धेशिया की पुत्री रोली मद्धेशिया ने चौथे प्रयास में UPSC जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए 457वीं रैंक हासिल की। उनकी शुरुआती शिक्षा सर्वोदय इंटर कॉलेज से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस से स्नातक तथा आईआईटी मुंबई से उच्च शिक्षा प्राप्त की। लगातार चार वर्षों तक कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के साथ तैयारी करने के बाद उन्होंने अपना सपना साकार किया।

अतरौलिया में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान रोली मद्धेशिया ने कहा कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि इसके पीछे वर्षों की मेहनत, धैर्य और परिवार का अटूट सहयोग होता है। उन्होंने बताया कि चौथे प्रयास में मिली इस सफलता में माता-पिता के आशीर्वाद और विशेष रूप से अपने भाइयों के निरंतर प्रोत्साहन की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि आईपीएस अधिकारी के रूप में उनकी प्राथमिकता निष्पक्ष, ईमानदार और संवेदनशील तरीके से समाज एवं देश की सेवा करना होगी।

रोली की माता नीतू मद्धेशिया हैं। उनके बड़े भाई कमल मद्धेशिया भारतीय स्टेट बैंक में सहायक प्रबंधक हैं, जबकि छोटे भाई यस मद्धेशिया हैं। परिवार ने इस सफलता को वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम बताया।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल, भगवान मणि त्रिपाठी, बेचू सिंह, मनीष कुमार, विनोद कुमार, मनोज कुमार, गौरव, राहुल सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और नगरवासी मौजूद रहे। सभी ने रोली मद्धेशिया को सम्मानित करते हुए उन्हें क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।