रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में फर्जी चिकित्सकीय उपचार के दौरान एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित डॉक्टर और कंपाउंडर को गिरफ्तार कर लिया है। मुकदमा दर्ज होने के महज 48 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पुलिस ने शाहगंज रोड स्थित पल्थी बाजार तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी फूलपुर एवं थाना प्रभारी दीदारगंज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।

क्या है मामला?

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को पीड़ित के पति ने दीदारगंज थाने में तहरीर देकर बताया कि 3 जुलाई को उनकी पत्नी की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गांव के एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। आरोप है कि चिकित्सक ने अपने कंपाउंडर को दवा और इंजेक्शन देकर मरीज के घर भेजा, जहां उसने इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद महिला की हालत और गंभीर हो गई।

परिजन महिला को इलाज के लिए शाहगंज (जौनपुर) ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान कंपाउंडर की पहचान नीरज कुमार प्रजापति के रूप में हुई।

48 घंटे में गिरफ्तारी

सोमवार सुबह करीब 7:40 बजे दीदारगंज पुलिस ने पल्थी बाजार (शाहगंज रोड तिराहा) से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने ऊपर लगे आरोपों के संबंध में जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 

अशोक कुमार मौर्य, पुत्र संतराज मौर्य, निवासी नौहरा, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ और 

नीरज कुमार प्रजापति, पुत्र नंदलाल प्रजापति, निवासी कैथौली, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वहीं इस पूरे मामले में पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।