रिपोर्ट_______अरुण यादव 

आजमगढ़। जिले की पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने महाराष्ट्र के एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात चौकी प्रभारी बलरामपुर उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति हाफिजपुर चौराहे से बद्दोपुर जाने वाले मार्ग पर अवैध असलहा लेकर खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रात करीब 11:20 बजे आरोपी अबू तालिब शेख पुत्र अफाक अहमद शेख (35 वर्ष) निवासी बृहन्मुंबई, महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 374/2026 के तहत धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।

महाराष्ट्र में भी दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी महाराष्ट्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मुंबई के सर जे.जे. मार्ग थाना में मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह आजमगढ़ किस उद्देश्य से आया था और उसके किसी स्थानीय अपराधी से संबंध हैं या नहीं। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।